1.139 किलो चरस के साथ नैनीताल निवासी गिरफ्तार
चम्पावत। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने 1.139 किलोग्राम अवैध चरस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चरस अलग-अलग स्थानों से एकत्र कर लाया था।
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को क्षेत्राधिकारी चम्पावत/टनकपुर के पर्यवेक्षण में एसओजी/एएनटीएफ और रीठा साहिब थाना पुलिस की टीम मेला चौक पुलिस चेक पोस्ट के सामने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 1.139 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी मदन राम (42) पुत्र स्व. हरराम, निवासी ग्राम अमजढ़, थाना खनस्यू, नैनीताल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बरामद चरस मोहन सिंह पुत्र गंगा सिंह, निवासी सलक, थाना खनस्यू, नैनीताल से लेकर आया था। पुलिस के अनुसार चरस अलग-अलग स्थानों से एकत्र की गई थी।
मामले में थाना रीठा साहिब में मुकदमा अपराध संख्या 06/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी से नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
