हल्द्वानी डकैती कांड का खुलासा, दो गिरफ्तार
हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर करीब आठ लाख रुपये की डकैती के मामले का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 66 हजार रुपये, एक 315 बोर का तमंचा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
19 अगस्त की शाम गोरापड़ाव में Kia शोरूम के पीछे स्थित एक कार्यालय में हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर करीब आठ लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और सोने की चेन व अंगूठी लूट ली थी। मामले में नारायण दास की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली में 10 अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम गठित कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू (25) निवासी सितारगंज और रखवीर सिंह (28) निवासी शीशगढ़, बरेली को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि किच्छा निवासी यश सिडाना लाखों रुपये जुए में हार गया था। आर्थिक तंगी के चलते उसने गोरापड़ाव में डकैती की योजना बनाई। आरोपियों ने पहले रेकी की और बाद में अन्य साथियों के साथ मिलकर हथियारों के बल पर वारदात को अंजाम दिया। लूट की रकम बांटने के बाद आरोपियों ने मोबाइल फोन रास्ते में फेंक दिए।
पुलिस ने वंशप्रीत से 31 हजार रुपये और चार कारतूस तथा रखवीर से 35 हजार रुपये, तमंचा और चार कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 61(2) और 317(3) बढ़ाई गई है।
पुलिस के अनुसार रखवीर सिंह के खिलाफ पूर्व में भी हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वंशप्रीत का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। एसएसपी ने घटना के खुलासे में शामिल पुलिस टीम को 2500 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
