
हरिद्वार में नशीले इंजेक्शनों की तस्करी का खुलासा, दो गिरफ्तार
93 नशीले इंजेक्शन और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार 2026 के तहत बहादराबाद पुलिस ने नशीले इंजेक्शनों की तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 93 नशीले इंजेक्शन और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार 24 अक्टूबर को गश्त और चेकिंग के दौरान भारापुर भौरी से सहदेवपुर जाने वाले मार्ग के तिराहे पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को पकड़ा गया। तलाशी में 48 शीशी डाइजिपाम इंजेक्शन और 45 शीशी बुप्रेनॉर्फिन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन बरामद हुए। इसके अलावा मोटरसाइकिल संख्या UK17N7811 भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नसीम पुत्र मुनफैद निवासी लंढौरा, मंगलौर और तन्मय ध्यानी पुत्र शशि मोहन ध्यानी निवासी रिस्पना नगर, नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपितों ने आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने और नशे के आदी होने की बात कही। उन्होंने शाह नामक व्यक्ति से इंजेक्शन खरीदने की जानकारी भी दी।
कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के अभियान के तहत एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।