देहरादून स्टेशन पर खाद्य स्टॉल एवं ट्रॉलियों का संयुक्त निरीक्षण ।
यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव के निर्देशानुसार वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री महेश यादव के निर्देशानुसार आज दिनांक 19.08.2026 को देहरादून रेलवे स्टेशन पर स्थित खाद्य स्टॉलों एवं ट्रॉलियों का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण वाणिज्य निरीक्षक, देहरादून एवं मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, देहरादून द्वारा किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण तथा खाद्य सामग्री तैयार करने एवं परोसने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता सहित विभिन्न पहलुओं की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान संबंधित स्टॉल संचालकों एवं ट्रॉली विक्रेताओं को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मंडल द्वारा रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित खानपान सुविधा उपलब्ध कराने के लिए खाद्य स्टॉलों एवं ट्रॉलियों की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है।
