गंगाजल भरते समय डूबने लगा शिवभक्त, जल पुलिस की तत्परता से बची जान
हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान गंगाजल भरते समय एक शिवभक्त की जान उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच गई। ड्यूटी पर तैनात जल पुलिस के जवान ने बिना देर किए गंगा में छलांग लगाकर युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, राजू पुत्र शिशपाल (19 वर्ष), निवासी सेक्टर-4, करनाल (हरियाणा) जोधपुर भवन के सामने गंगाजल भर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गंगा की तेज धारा में बहने लगे।
मौके पर तैनात जल पुलिस के जवान सनी कुमार ने स्थिति को भांपते ही तत्काल गंगा में छलांग लगा दी और साहस व सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू से एक बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उत्तराखंड पुलिस कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ ड्यूटी निभा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता की स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं ने भी सराहना की।
