दिनेशपुर में सड़क सुरक्षा मास्टर ट्रेनर्स कार्यशाला का समापन, जागरूकता रैली निकालकर दिया सुरक्षित यातायात का संदेश

Advertisement

रुद्रपुर/हल्द्वानी, 26 अक्टूबर।

दिनेशपुर स्थित अजीम प्रेमजी फाउंडेशन में आयोजित तीन दिवसीय सड़क सुरक्षा मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यशाला का सोमवार को समापन हो गया। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), उत्तराखंड, देहरादून के निर्देशों तथा कार्यालय संभागीय परिवहन अधिकारी, हल्द्वानी संभाग के तत्वावधान में 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यशाला के अंतिम दिन सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने का संदेश दिया गया। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को हेलमेट वितरित कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

समापन समारोह में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा), हल्द्वानी संभाग अरविंद पांडे, एआरटीओ ऊधमसिंह नगर नवीन कुमार सिंह और राज्य कर अधिकारी गोविंद बिष्ट उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रश्नों के जवाब दिए। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।

कार्यशाला में एससीईआरटी के मास्टर ट्रेनर्स, शिक्षकों और परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान यातायात नियमों, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सड़क सुरक्षा संबंधी गतिविधियों और दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले नेक व्यक्तियों (गुड सेमेरिटन) से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई।

कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि बच्चे स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक कर सकें। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रशिक्षण कार्यशालाओं और जागरूकता रैलियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करने में मदद मिल सके।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *