रुड़की में STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो अवैध तमंचों के साथ दो युवक गिरफ्तार

Advertisement

रुड़की, 26 अक्टूबर। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और हरिद्वार पुलिस की संयुक्त टीम ने रुड़की के सिविल लाइंस क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑल्टो कार को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।

एसटीएफ के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के निर्देश पर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सूचनाएं जुटाई जा रही थीं। इसी क्रम में मिली सूचना के आधार पर एसटीएफ देहरादून की टीम ने रुड़की के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान कार में सवार दो युवकों को अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक (21) पुत्र अमित कुमार, निवासी कृष्णा नगर, गली नंबर नौ, गंगनहर, हरिद्वार और हर्ष (22) पुत्र जगपाल सिंह, निवासी आजाद नगर, पनियाला रोड, थाना गंगनहर, हरिद्वार के रूप में हुई है।

पैसों के लालच में बेचने जा रहे थे तमंचे

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर पैसों के लालच में तमंचे बेचने के उद्देश्य से आने की बात स्वीकार की। उनके अनुसार, हथियार खरीदने वाला व्यक्ति मौके पर मिलने वाला था। हालांकि, आरोपियों ने उस व्यक्ति की पहचान के संबंध में जानकारी होने से इनकार किया। पुलिस अब संभावित खरीदार के संबंध में भी जांच कर रही है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई में एसटीएफ की ओर से निरीक्षक एनके भट्ट, उपनिरीक्षक विद्यादत्त जोशी, हेड कांस्टेबल अनूप भाटी, प्रमोद पंवार, महेंद्र नेगी और गौरव चौधरी तथा कांस्टेबल कादर शामिल रहे। वहीं, रुड़की पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, कांस्टेबल सोबन सिंह और गुलबहार ने कार्रवाई में सहयोग किया।

एसटीएफ के अनुसार, संगठित गिरोहों, इनामी अपराधियों और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *