ऊधमसिंह नगर में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 17 आरोपी गिरफ्तार; 456 लीटर कच्ची शराब बरामद

सितारगंज के जंगलों में अवैध शराब की सात भट्टियां नष्ट, 7,000 लीटर लहन भी किया गया नष्ट
रुद्रपुर, 26 अक्टूबर। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत ऊधमसिंह नगर पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। 25 अक्टूबर को सितारगंज, नानकमत्ता, ट्रांजिट कैंप और दिनेशपुर थाना क्षेत्रों में की गई अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 456 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। वहीं, सितारगंज क्षेत्र के जंगलों में अवैध शराब बनाने की सात भट्टियां नष्ट करने के साथ करीब 7,000 लीटर लहन भी नष्ट किया गया।
चार थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
दिनेशपुर: पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में जंगीर सिंह निवासी अर्जुनपुर, दयाराम निवासी जयनगर नंबर-1 और सोमनाथ विश्वास निवासी खानपुर नंबर-1 को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से क्रमशः 22, 10 और 11 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए।
सितारगंज: पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध कच्ची शराब बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों में संजीत हलदार, धन देवी, राजेंद्र सिंह, सिमरजीत सिंह, रोशन सिंह, मंगल सिंह, बलविंदर सिंह, अशोक साना, रघुवीर, प्रिंस और सुजीत राय शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान ग्राम गुर्जर खत्ता और बनकुईया क्षेत्र में चार भट्टियां नष्ट कर करीब 4,000 लीटर लहन नष्ट किया गया। वहीं, गुरुनानक नगरी और गोठा के जंगलों में तीन भट्टियां नष्ट कर लगभग 3,000 लीटर लहन नष्ट किया गया।
ट्रांजिट कैंप: पुलिस ने सुभाष कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पीछे खाली मैदान के पास से विश्वजीत कुमार (35) निवासी एच ब्लॉक, ट्रांजिट कैंप को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 46 पाउच में लगभग 21 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इस मामले में मुकदमा संख्या 349/2026 के तहत आबकारी अधिनियम में कार्रवाई की गई।
नानकमत्ता: पुलिस, चौकी बिसौटा और चौकी प्रतापपुर की टीमों ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें सुरेंद्र सिंह उर्फ घुक्की निवासी पक्की खमरिया के पास से लगभग 52 लीटर और मंगत सिंह निवासी हरैया के पास से 40 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस की नजर
पुलिस के अनुसार, जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।