सामाजिक सरोकारों के प्रति पत्रकारिता के दायित्व विषय पर संगोष्ठी आयोजित, वरिष्ठ पत्रकार राजीव लोचन साह सम्मानित
नैनीताल, 21 जून। प्रेस क्लब नैनीताल एवं उत्तराखण्ड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को नैनीताल क्लब सभागार में “सामाजिक सरोकारों के प्रति पत्रकारिता के दायित्व” विषय पर एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में प्रदेशभर से पहुंचे पत्रकारों ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों और सामाजिक दायित्वों पर गंभीर मंथन किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आकाशवाणी के सेवानिवृत्त निदेशक प्रतुल जोशी रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सामाजिक सरोकारों से विमुख होती तथा सत्ता के प्रभाव में संचालित पत्रकारिता प्रेस की विश्वसनीयता के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। उन्होंने पत्रकारिता के मूल मूल्यों, निष्पक्षता और जनपक्षधरता को बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
स्वतंत्र पत्रकार एवं स्तंभकार राजशेखर पंत ने समाज के प्रति पत्रकारों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने का महत्वपूर्ण दायित्व भी निभाती है।
संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे उत्तराखण्ड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने कहा कि लंबे अंतराल के बाद आयोजित यह संगोष्ठी वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने बताया कि यूनियन निकट भविष्य में प्रदेश के विभिन्न जिलों में इसी प्रकार की संगोष्ठियों एवं बैठकों का आयोजन करेगी। यूनियन के महासचिव प्रयाग पांडे ने अल्प समय की सूचना के बावजूद प्रदेशभर से पहुंचे पत्रकारों का आभार व्यक्त किया, जबकि यूनियन के कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार गणेश पाठक ने संगोष्ठी के संदर्भ में आधार वक्तव्य प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पत्रकारिता के क्षेत्र में 50 वर्षों से उल्लेखनीय सेवाएं दे रहे वरिष्ठ पत्रकार एवं नैनीताल समाचार के संपादक राजीव लोचन साह का सम्मान रहा। हल्द्वानी के वरिष्ठ पत्रकार जगमोहन रौतेला द्वारा सम्मान-पत्र का वाचन किए जाने के बाद प्रतुल जोशी, राजशेखर पंत, अरुण शर्मा, प्रयाग पांडे, कार्यकारी अध्यक्ष अविक्षिति रमन, उपाध्यक्ष डॉ. रजनीकांत शुक्ला तथा प्रेस क्लब नैनीताल के पदाधिकारियों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर, सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राजीव लोचन साह ने सम्मान के लिए उत्तराखण्ड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन और नैनीताल प्रेस क्लब का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन के कई महत्वपूर्ण संस्मरण साझा किए तथा विभिन्न जनांदोलनों के दौरान की गई पत्रकारिता के अनुभवों का उल्लेख किया।
संगोष्ठी का संचालन प्रदेश सचिव डॉ. विपिन चंद्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन यूनियन के उपाध्यक्ष डॉ. रजनीकांत शुक्ला ने प्रस्तुत किया।
संगोष्ठी के दूसरे सत्र में उत्तराखण्ड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की आम बैठक आयोजित हुई। बैठक में यूनियन की गतिविधियों, जिला इकाइयों की स्थिति, सदस्यता शुल्क, यूनियन के रजत जयंती वर्ष में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों तथा स्मारिका प्रकाशन पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की स्थिति एवं पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। राज्य विज्ञापन समिति के सदस्य भरत साह ने भी बैठक को संबोधित किया।
बैठक में आम सहमति से अंकुर शर्मा को उत्तराखण्ड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का नैनीताल जिलाध्यक्ष तथा प्रकाश जोशी को जिला महामंत्री मनोनीत किया गया। दोनों पदाधिकारियों को शीघ्र जिला कार्यकारिणी का विस्तार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। अंकुर शर्मा ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार ओ.पी. पांडे, भगवान सिंह गंगोला, प्रभात ध्यानी, दिनेश उपाध्याय, प्रदीप पांडे, विनोद पांडे, हरीश पंत, पवन राकेश, नैनीताल प्रेस क्लब अध्यक्ष माधव पालीवाल, महासचिव संजय नागपाल, यूनियन के उपाध्यक्ष बी.सी. भट्ट, सचिव राजेंद्र तिवारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश जोशी, मंटू, व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन, देहरादून से राकेश विजल्वाण, अमित अमोली, रमन जायसवाल, हरिद्वार से राकेश गुप्ता, सुमिप्र तिवारी, उधमसिंहनगर से अध्यक्ष रमेश चंद्रा, महामंत्री मुमताज अहमद, अल्मोड़ा से जगमोहन बिष्ट, दयानंद कठैत, नैनीताल नगर के वरिष्ठ पत्रकार रविन्द्र देवलियाल, कमल जगाती, राजू पांडे, विनोद कुमार, इन्द्र नेगी, हिमानी रौतेला, अरुण साह, रुद्रपुर महानगर अध्यक्ष विकास कुमार, गदरपुर से महेंद्र पाल सिंह, बाजपुर से हरीश सैनी, लालकुआं से अध्यक्ष रंजीत बोरा, दीप जोशी, हरीश पनेरू, हल्द्वानी से अध्यक्ष संजय कुमार, कमल सुयाल, गौरव गुप्ता, सितारगंज से वीरेंद्र तिवारी, यामीन अंसारी, रियाजुद्दीन, संजीव पांडे, काशीपुर से अजीत गोयल, अनिल शर्मा सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENT

Promote Your Business Here

ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *