समाचार सारांश टीम नेटवर्क

ADVERTISEMENT

Promote Your Business Here

सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन से महिलाओं को मिलेगी राहत, सार्वजनिक स्थानों पर अब आसानी से उपलब्ध होंगे सैनिटरी पैड

महिलाओं एवं किशोरियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा

/पौड़ी/
महिलाओं एवं किशोरियों को बेहतर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बाल विकास विभाग द्वारा जनपद में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन स्थापित करने की पहल शुरू की गई है। प्रथम चरण में कलेक्ट्रेट परिसर, विकास भवन तथा बस स्टेशन पौड़ी में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं। इससे इन सार्वजनिक स्थलों पर आने वाली महिलाओं एवं छात्राओं को आवश्यकता पड़ने पर आसानी से सैनिटरी पैड उपलब्ध हो सकेंगे।

इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरुकता बढ़ाना है। अब महिलाओं को आपात स्थिति में सैनिटरी पैड की उपलब्धता के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा और उन्हें तत्काल आवश्यक सुविधा मिल सकेगी। इसके अतिरिक्त, ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर एवं बस अड्डे में नर्सिंग रूम स्थापित किए जाएंगे। इन कक्षों में महिलाओं को अपने शिशुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण में स्तनपान कराने की सुविधा उपलब्ध होगी।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि कलेक्ट्रेट, विकास भवन और बस स्टेशन जैसे स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं एवं किशोरियां आती हैं। कई बार आवश्यकतानुसार सैनिटरी पैड उपलब्ध न होने के कारण उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसी आवश्यकता को देखते हुए इन प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में तीन स्थानों पर यह सुविधा शुरू की गई है तथा आगामी समय में अस्पतालों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों में भी सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित करने की योजना है। इसके साथ ही महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सम्मान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनों की स्थापना महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर एवं सम्मानजनक सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जनपद में महिलाओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण विकसित करने हेतु प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है तथा भविष्य में ऐसी सुविधाओं का विस्तार अन्य सार्वजनिक स्थलों तक भी किया जाएगा।

ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *