शादी कर ठगी करने वाली महिला समेत पांच हिरासत में
पति को नशीला पदार्थ खिलाकर नकदी व सामान लेकर फरार होने का आरोप, पुलिस ने मोबाइल व 70 हजार रुपये किए बरामद
बहादराबाद। शादी के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करने के आरोप में बहादराबाद पुलिस ने एक महिला समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, 70 हजार रुपये की नकदी और नशीला पाउडर बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी सीज किया गया है। पुलिस अन्य लोगों के साथ भी ठगी किए जाने के संबंध में जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को ग्राम दौलतपुर निवासी प्रवेश पुरी ने तहरीर देकर बताया कि उनके भाई योगेश पुरी का विवाह एक महिला से हुआ था। आरोप है कि महिला ने पति को विश्वास में लेकर उसे नशीला पदार्थ खिला दिया और मौका पाकर घर से नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में बहादराबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला समेत पांच आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, 70 हजार रुपये नकद और नशीला पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी सीज कर दिया।
हिरासत में लिए गए आरोपियों में मिर्जापुर निवासी 21 वर्षीय महिला, अब्दुल बारी निवासी मिर्जापुर, शामली निवासी एक महिला, पुनीत कुमार निवासी शामली और फतेह सिंह मीना निवासी भरतपुर, राजस्थान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अशोक सिरसवाल, उपनिरीक्षक शमशेर अली, उपनिरीक्षक कर्म सिंह, हेड कांस्टेबल नरविन्दर सिंह और कांस्टेबल सुनील तोमर शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विवाह से पहले संबंधित व्यक्ति और उसके परिवार के बारे में पूरी जानकारी जुटाएं तथा आपसी परिचय और सत्यापन के बाद ही विवाह संबंधी निर्णय लें।
