Advertisement

अग्निशमन अधिकारी पद पर पदोन्नति, एसएसपी ने देवेंद्र सिंह चौहान के कंधों पर सजाए स्टार

नई टिहरी, 22 सितंबर। टिहरी गढ़वाल के फायर स्टेशन नरेंद्रनगर में अग्निशमन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में पदोन्नति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे ने अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पद से अग्निशमन अधिकारी के पद पर पदोन्नत हुए देवेंद्र सिंह चौहान के कंधों पर पदोन्नति के प्रतीक स्वरूप स्टार लगाए।

एसएसपी श्वेता चौबे ने देवेंद्र सिंह चौहान को पदोन्नति पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पदोन्नति अधिकारी या कर्मचारी की कार्यकुशलता, कर्तव्यनिष्ठा और विभाग के प्रति समर्पण का सम्मान है। अग्निशमन विभाग का दायित्व अत्यंत चुनौतीपूर्ण है। आगजनी, आपदा और अन्य आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई कर आमजन के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने पदोन्नत अधिकारी को नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सभी अधिकारी-कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद में अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

देवेंद्र सिंह चौहान ने पदोन्नति पर एसएसपी का आभार व्यक्त करते हुए विभागीय दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *