नशीले इंजेक्शन और प्रतिबंधित दवाइयां बरामद, मेडिकल स्टोर सील
हल्द्वानी। एसटीएफ उत्तराखंड की एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने मुखानी रोड स्थित जय श्री श्याम मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर व्यावसायिक मात्रा में नशीले इंजेक्शन और नशे में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित दवाइयां बरामद कीं। कार्रवाई के बाद औषधि प्रशासन विभाग ने मेडिकल स्टोर को अग्रिम कार्रवाई तक सील कर दिया।
एसएसपी एसटीएफ के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक कपिल सिंह पुत्र रमेश सिंह निवासी जवाहरनगर, नगला, पंतनगर और मेडिकल स्टोर स्वामी के पति राहुल वार्ष्णेय पुत्र उपकार वार्ष्णेय निवासी सावित्री कॉलोनी, हल्द्वानी मौके पर मिले। दोनों के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है।
एसटीएफ के अनुसार नशीली और प्रतिबंधित दवाइयों के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जांच जारी है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई करने वाली एसटीएफ टीम में निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक विनोद जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और हेड कांस्टेबल इसरार अहमद शामिल रहे। औषधि प्रशासन विभाग की ओर से निरीक्षक शुभम कोटनाला और निरीक्षक अर्चना उप्पल टीम में शामिल थीं।
