Advertisement

भीमताल में पारंपरिक हरेला मेले का शुभारंभ, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया पौधारोपण
भीमताल। उत्तराखंड के भीमताल स्थित रामलीला मैदान में आयोजित पारंपरिक हरेला मेले का शुभारंभ शनिवार को कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल का हरेला मेला पूर्वजों के समय से चली आ रही समृद्ध परंपरा का प्रतीक है तथा इसका पौराणिक और सांस्कृतिक महत्व भी है। उन्होंने कहा कि यह मेला लोगों को आपस में जोड़ने के साथ-साथ उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और विरासत को सहेजने का माध्यम है। सरकार इस मेले को भविष्य में और अधिक भव्य एवं व्यापक स्वरूप देने के लिए प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हरेला पर्व प्रकृति और हरियाली का प्रतीक है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। इस दौरान मंत्री ने स्वयं भी वृक्षारोपण किया।
मेले के दूसरे दिन भी उत्तराखंड की लोक संस्कृति से जुड़े रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं ने मेले में आए लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सीमा टम्टा, अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार, जिला मंत्री मनोज भट्ट, मंडल अध्यक्ष कमल जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *