24 घंटे में टिहरी पुलिस का बड़ा खुलासा, 8 लाख के चोरी हुए पाइप बरामद; दो शातिर चोर गिरफ्तार
नई टिहरी। टिहरी पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 24 घंटे के भीतर करीब 8 लाख रुपये मूल्य के चोरी हुए 32 लोहे के पानी के पाइप बरामद कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रक भी कब्जे में ले लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 14 जुलाई को ग्राम साबली निवासी जयराज सिंह खण्डका ने गजा-चम्बा मोटर मार्ग स्थित पंपिंग योजना से 32 लोहे के पानी के पाइप चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर कोतवाली नरेंद्रनगर में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 15 जुलाई को हरिद्वार के सलेमपुर, मंगलौर क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी गए सभी 32 पाइप, अन्य स्क्रैप सामग्री तथा घटना में प्रयुक्त ट्रक संख्या UK17CA-3604 बरामद किया गया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरिद्वार से टिहरी के चम्बा, खाड़ी और गजा क्षेत्रों में ट्रक से ईंट सप्लाई का काम करते हैं। वापसी में ट्रक खाली होने पर अतिरिक्त कमाई के लिए कबाड़ भी ले जाते थे। करीब 15 दिन पहले उनकी नजर गजा क्षेत्र में पंपिंग योजना के पाइपों पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने चोरी की योजना बनाई। ईंट उतारने के बाद लौटते समय उन्होंने पाइप ट्रक में लाद लिए और उन्हें रुड़की के कबाड़ी को बेचने जा रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी
शहबान पुत्र शहजाद, निवासी टाण्डा भनेड़ा, थाना मंगलौर, जिला हरिद्वार।
उस्मान पुत्र एहसान, निवासी टाण्डा भनेड़ा, थाना मंगलौर, जिला हरिद्वार (हाल निवासी थाना गंगोह, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश)।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा के नेतृत्व में नरेंद्रनगर पुलिस और सीआईयू टीम ने अंजाम दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी गई सरकारी संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी संभव हो सकी।
