Advertisement

साढ़े तीन साल बाद मलेशिया से लौटेंगे पीलीभीत के तीन युवक, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के हस्तक्षेप से मिली राहत
पीलीभीत। साढ़े तीन वर्षों से मलेशिया में फंसे पीलीभीत के तीन युवकों की आखिरकार स्वदेश वापसी का रास्ता साफ हो गया है। केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के हस्तक्षेप और विदेश मंत्रालय के प्रयासों से तीनों युवकों को यात्रा दस्तावेज और टिकट उपलब्ध करा दिए गए हैं। वे 6 जुलाई को मलेशिया से रवाना होंगे और 8 जुलाई तक अपने घर पहुंच जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम खमरिया पुल निवासी तारकेश्वर पुत्र भजन लाल और साजन पुत्र रामप्रसाद, तथा थाना गजरौला क्षेत्र के ग्राम पिपरिया निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र राम बहादुर को करीब साढ़े तीन वर्ष पहले एक निजी एजेंट विजय चौधरी ने अच्छी नौकरी का झांसा देकर मलेशिया भेजा था। इसके लिए तीनों युवकों से डेढ़-डेढ़ लाख रुपये लिए गए थे।
परिजनों का आरोप है कि मलेशिया पहुंचने के बाद युवकों को न तो वादा की गई नौकरी मिली और न ही उचित सुविधाएं। उनसे जबरन मजदूरी कराई जाती रही और वे लंबे समय तक वहां फंसे रहे। जब परिजनों ने एजेंट से संपर्क किया तो उसने किसी भी प्रकार की मदद करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद पीड़ित परिवार लगातार अपने बेटों की घर वापसी के लिए प्रयास करते रहे। मामले की जानकारी किसान नेता देव स्वरूप पटेल को हुई तो उन्होंने तीनों परिवारों की ओर से केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद से मुलाकात कर पूरी जानकारी और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए।
बताया गया कि केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के अधिकारियों से वार्ता की तथा तीनों युवकों की शीघ्र स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उनके प्रयासों के बाद मलेशिया में फंसे युवकों को पासपोर्ट और वापसी के टिकट उपलब्ध करा दिए गए हैं। तीनों युवक 6 जुलाई को मलेशिया से रवाना होकर पहले केरल पहुंचेंगे और 8 जुलाई तक अपने घर लौट आएंगे।
किसान नेता देव स्वरूप पटेल ने बताया कि इससे पहले भी केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के सहयोग से किर्गिस्तान और रूस में फंसे कई युवकों की सुरक्षित घर वापसी कराई जा चुकी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि विदेश जाने से पहले केवल सरकारी नियमों और अधिकृत माध्यमों का ही सहारा लें तथा किसी निजी एजेंट के झांसे में न आएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *