Advertisement

बागेश्वर, 23 जून
28 से 30 जून तक चलेगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पिलाई जाएंगी पोलियो की दो बूंदें

अभियान के सफल संचालन को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत जनपद में 28 से 30 जून 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जाएगा, जिसके तहत 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन एवं व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कुमार आदित्य तिवारी ने अभियान की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए बताया कि जनपद में 18,349 लक्षित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने तैनात कार्मिकों तथा अभियान हेतु उपलब्ध संसाधनों एवं उपकरणों की जानकारी जिलाधिकारी के समक्ष रखी।

जिलाधिकारी ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपलब्ध सामग्री एवं उपकरणों की पर्याप्तता के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य तभी सफल होगा जब 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी ने पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत सचिवों, ग्राम प्रधानों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच सके। उन्होंने सूचना विभाग सहित संबंधित विभागों को भी जनजागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाएं तथा निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करना सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, एसीएमओ डॉ. अमित मिश्रा, डॉ. दीपक कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रमोद जलपांगी, जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू लता यादव, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार आर्या सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *