बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए लोहे के जीआई तार में अचानक करंट आ गया। इसकी चपेट में पहले पत्नी आ गई और उसे बचाने की कोशिश में पति भी करंट की चपेट में आ गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा की है। जानकारी के मुताबिक, सचिन चन्द्राकर अपनी पत्नी रजनी के साथ घर पर थे। रजनी घर के काम निपटाकर आंगन में लगे लोहे के जीआई तार में कपड़े सुखाने गई थी और तार पर कपड़े डालते ही वो करंट की चपेट में आ गई। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर सचिन तुरंत आंगन की तरफ भागे और पत्नी को बचाने की कोशिश की। जैसे ही सचिन ने रजनी को पकड़ा, वे खुद भी हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना जोरदार था कि दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के रिश्तेदार और ग्रामीण तुरंत मौके पर इकट्ठा हुए। दोनों को आनन-फानन में मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि बीते दिन इलाके में आए तेज आंधी-तूफान के कारण बिजली का सर्विस वायर टूटकर नीचे गिर गया था। यह टूटकर गिरा हुआ तार अनजाने में कपड़े सुखाने वाले जीआई तार के संपर्क में आ गया था, जिससे पूरे तार में करंट फैल गया। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच में जुट गई है।
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE
