Advertisement

हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म और उसके गर्भवती होने का खुलासा हुआ है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मुखानी क्षेत्र में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। चार दिन पहले परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरी जांच में उसके दो माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई।

रिपोर्ट सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। पूछताछ करने पर किशोरी ने सारी आपबीती बताई, जिसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर आरोपी पड़ोसी के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

किशोरी के परिजनों ने न्यायालय से गर्भपात (Abortion) करवाने की अनुमति मांगी है। इस संबंध में एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की नई धाराओं के प्रावधानों के अनुसार, यदि गर्भ तीन माह से कम समय का है, तो गर्भपात के लिए न्यायालय में अर्जी दी जा सकती है।

उन्होंने आगे बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएनए (DNA) जांच के लिए भी कोर्ट में आवेदन करेगी, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की पुष्टि की जा सके। फिलहाल, पुलिस घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *