Advertisement

विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, दिसंबर तक अधिकांश काम पूरे करने के निर्देश

लालकुआं। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में योजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए। मंगलवार को नगर पंचायत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विधायक ने कहा कि दिसंबर तक अधिकांश विकास कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं, जबकि शेष कार्य जनवरी तक पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में नहर कवरिंग, विद्युतीकरण, सिंचाई, सड़क, बाढ़ सुरक्षा समेत विभिन्न निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। विधायक ने तीनपानी से मोतीनगर तथा लालकुआं बंगाली कॉलोनी में भोला मंदिर जाल से स्लीपर फैक्ट्री तक नहर कवरिंग का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने नहर की ऊंचाई सड़क के स्तर तक रखने के निर्देश दिए, ताकि सड़क चौड़ीकरण में इसका उपयोग हो सके।

गौला नदी के किनारे भूकटाव प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षात्मक कार्य दोबारा शुरू करने तथा काठगोदाम के पास क्षतिग्रस्त गौलापार समानांतर नहर का निर्माण जल्द शुरू करने को कहा गया। मोटाहल्दू रेलवे क्रॉसिंग के पास जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान और जमरानी नहर पर बनी पुलिया से आवागमन में हो रही परेशानी को दूर करने के निर्देश भी दिए गए।

बिंदुखत्ता में विद्युतीकरण कार्यों में तेजी लाने तथा जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा गया। विधायक ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में एसडीएम रेखा कोहली सहित सिंचाई, जमरानी परियोजना, यूपीसीएल और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *