Ad

चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश पड़ी भारी, ट्रेन मैनेजर की सतर्कता से बची यात्री की जान


उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गाड़ी संख्या 14207 पदमावत एक्सप्रेस के शाहजहांपुर स्टेशन से प्रस्थान के दौरान एक यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, जो असफल रहा।

Shahjahanpur


प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री का पैर फिसल गया और वह ट्रेन के पायदान और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। स्थिति अत्यंत गंभीर थी, लेकिन ट्रेन के मैनेजर श्री संजय कुमार (मेल/हेड क्वार्टर मुरादाबाद) ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर रुकवाया।
स्टेशन स्टॉफ, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) तथा जीआरपी की टीम ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए फंसे यात्री को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायल यात्री को तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।
ट्रेन मैनेजर की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और यात्री की जान बच सकी। यात्री को सुरक्षित निकालने के बाद ट्रेन को पुनः शाहजहांपुर स्टेशन से रवाना किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा लगातार स्टेशन पर लगे अनाउंसमेंट सिस्टम, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और सुरक्षा कर्मियों के माध्यम से यात्रियों को चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने से मना किया जाता है, क्योंकि यह जानलेवा हो सकता है।
रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन के पूर्ण रूप से रुकने के बाद ही चढ़ें या उतरें। एक यात्री की लापरवाही से न केवल उसकी जान जोखिम में पड़ती है, बल्कि अन्य यात्रियों और कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad