Advertisement

मेरठ। जानी खुर्द के किसान सुभाष उपाध्याय की हत्या का सनसनीखेज खुलासा पुलिस ने किया है। प्रेम-प्रसंग का विरोध करने पर सुभाष की पत्नी कविता और छोटी बेटी सोनम ने अपने प्रेमियों के साथ मिलकर उनकी हत्या की साजिश रची। हत्या को अंजाम देने वाले सोनम के प्रेमी विपिन और उसके दोस्त अजगर उर्फ शिवम ने 23 जून की रात सुभाष को गोली मार दी। पुलिस ने मां-बेटी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि 23 जून की रात सुभाष की खेत से लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके बेटे आयुष ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। जानी पुलिस, सर्विलांस और स्वॉट टीम की जांच में हत्या की साजिश का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने सुभाष की पत्नी कविता, बेटी सोनम, कविता के प्रेमी गुलजार (सिसौला), सोनम के प्रेमी विपिन (जवाहरनगर, कंकरखेड़ा) और विपिन के दोस्त अजगर उर्फ शिवम को गिरफ्तार किया। हत्या में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा और बाइक भी अजगर के पास से बरामद की गई।
जांच में सामने आया कि सुभाष की बड़ी बेटी डोली ने कुछ महीने पहले अनुसूचित जाति के युवक से प्रेम विवाह किया था, जिसका सुभाष विरोध करते थे। छोटी बेटी सोनम भी अनुसूचित जाति के विपिन से शादी करना चाहती थी, जबकि कविता का सिसौला के गुलजार से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। सुभाष के विरोध के कारण पत्नी और बेटी से उनका विवाद रहता था। दोनों ने सुभाष को रास्ते का रोड़ा मानकर हत्या की साजिश रची।
सुभाष की हत्या के बाद विपिन ने सोनम और कविता को फोन पर इसकी सूचना दी। सर्विलांस टीम ने आरोपियों के मोबाइल चेक किए, जिसमें हत्या से पहले और बाद की व्हाट्सएप चैटिंग से साजिश का खुलासा हुआ। गुलजार भी घटना की रात मौके पर मौजूद था और उसे पूरी साजिश की जानकारी थी। पुलिस ने कॉल डिटेल और चैट के आधार पर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *