Advertisement

समाचार सारांश टीम नेटवर्क मुरादाबाद

पेंट्री कार में अनधिकृत रूप से यात्रा कर रहे यात्रियों के विरुद्ध संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर की गई कार्रवाई

रेलवे नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा यात्रियों की सुरक्षा एवं रेल परिसंपत्तियों की सुरक्षा के दृष्टिगत आज दिनांक 09 नवंबर 2026 को मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 12558 (सप्तक्रांति एक्सप्रेस) के आगमन पर स्टेशन प्रबंधक, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान गाड़ी की पेंट्री कार में कुछ यात्री अनधिकृत रूप से यात्रा करते हुए पाए गए। पेंट्री कार रेलगाड़ी का एक प्रतिबंधित एवं निर्धारित कार्यक्षेत्र है, जहां केवल अधिकृत कर्मचारियों को ही कार्य करने की अनुमति होती है।

संयुक्त टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी अनधिकृत यात्रियों को पेंट्री कार से नीचे उतारा गया। साथ ही, रेलवे नियमों का उल्लंघन करने के संबंध में संबंधित यात्रियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा कुल ₹13,400/- (तेरह हजार चार सौ रुपये) का जुर्माना वसूल किया गया,

रेलवे प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि रेलगाड़ियों के प्रतिबंधित एवं परिचालन से संबंधित क्षेत्रों में अनधिकृत प्रवेश अथवा यात्रा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए भविष्य में भी नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे।

रेलवे प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे रेल नियमों का पालन करें तथा केवल निर्धारित एवं अधिकृत यात्री स्थानों पर ही यात्रा करें। रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में रेल प्रशासन का सहयोग करें।

    
Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *