16 नवंबर से शुरू होगी जनगणना की स्वगणना प्रक्रिया, 30 नवंबर तक मिलेगा मौका

Advertisement

ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से घर बैठे भर सकेंगे स्वगणना फॉर्म, पूछे जाएंगे 40 सवाल; नैनीताल जिले में 15 हजार लोगों की स्वगणना का लक्ष्य निर्धारित

हल्द्वानी, 14 नवंबर। आगामी जनगणना के तहत जिले में 16 नवंबर से स्वगणना की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। यह अभियान 30 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से अपनी स्वगणना कर सकेंगे। स्वगणना के लिए निर्धारित फॉर्म में कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। सफलतापूर्वक फॉर्म जमा करने पर प्रत्येक व्यक्ति को ‘P’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट स्वगणना पहचान संख्या (SE ID) जारी की जाएगी।

स्वगणना कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि स्वगणना की प्रक्रिया को सरल और सहज बनाया गया है, ताकि प्रत्येक नागरिक बिना किसी भय या संकोच के स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भर सके। इसके लिए नागरिकों को पोर्टल के प्रारंभिक पृष्ठ पर उपलब्ध प्रश्नावली पहले से पढ़ने और जरूरी जानकारियां तैयार रखने की सलाह दी गई है।

सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वगणना के लिए आवश्यक दस्तावेजों और जानकारियों के संबंध में आमजन को पहले से जागरूक किया जाए, ताकि फॉर्म भरते समय किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि जिले में न्यूनतम 15 हजार व्यक्तियों की स्वगणना कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसे हासिल करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से अभियान चलाएं।

उन्होंने शिक्षा विभाग को स्कूलों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रमों की सूचना कम से कम एक दिन पहले उपलब्ध कराने को कहा, जिससे अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

सीडीओ ने कहा कि सरकारी कार्यालयों और विभिन्न कार्यक्रमों में आने वाले लोगों को भी स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाए। ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, शिक्षा, होमगार्ड्स और पुलिस विभाग सहित सभी संबंधित विभाग इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं। प्रत्येक प्रशिक्षित कार्मिक कम से कम 10 अन्य लोगों को स्वगणना की प्रक्रिया समझाकर प्रशिक्षित करे, ताकि अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ा जा सके।

उन्होंने प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी सुरेश आर्य और अपर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कमल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

महत्वपूर्ण जानकारी: स्वगणना फॉर्म भरते समय भाषा का चयन सावधानीपूर्वक करें, क्योंकि एक बार भाषा चुनने के बाद उसे बदला नहीं जा सकेगा। फॉर्म सफलतापूर्वक जमा होने के बाद प्राप्त 11 अंकों की SE ID को सुरक्षित रखें।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *