हल्द्वानी में पहली बार होगा ‘युवा उत्सव भजन क्लबिंग’, भक्ति संगीत की आधुनिक धुनों पर झूमेंगे युवा

Advertisement

14 नवंबर को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में सजेगा आध्यात्मिक संगीत का मंच, भारतीय संस्कृति और स्वामी विवेकानंद के विचारों से युवाओं को जोड़ने की पहल

हल्द्वानी, 12 नवंबर। युवाओं को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और राष्ट्र निर्माण के विचारों से जोड़ने के उद्देश्य से हल्द्वानी में पहली बार ‘युवा उत्सव भजन क्लबिंग’ का आयोजन होने जा रहा है। 14 नवंबर को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले इस अनूठे कार्यक्रम में पारंपरिक भक्ति संगीत को आधुनिक संगीत शैली के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से युवाओं को भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम की तैयारियों और उद्देश्यों की जानकारी देने के लिए बुधवार को नगर निगम सभागार में महापौर गजराज सिंह बिष्ट और आयोजक संस्था SAM दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें SAM की निदेशक साध्वी डॉ. शिवानी भारती और दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के स्वामी उमेशानंद भी मौजूद रहे।

प्रेस वार्ता में आयोजकों ने बताया कि आज की युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। इसी सोच के साथ भजन क्लबिंग की अवधारणा को सामने लाया गया है। इसमें भक्ति संगीत को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत कर युवाओं के बीच आध्यात्मिकता के प्रति रुचि बढ़ाई जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना है।

इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति और बदलाव के प्रमुख वाहक हैं। आधुनिकता के साथ युवाओं का अपनी संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और परंपराओं से जुड़े रहना भी जरूरी है। स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास, साहस, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा का जो संदेश दिया था, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

उन्होंने कहा कि किसी भी मजबूत राष्ट्र की नींव उसकी युवा पीढ़ी के संस्कार, चरित्र और विचारों पर टिकी होती है। ‘युवा उत्सव भजन क्लबिंग’ जैसे आयोजन भारतीय संस्कृति और आधुनिक पीढ़ी के बीच सेतु का काम करेंगे। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए उनका ऊर्जावान होने के साथ संस्कारित, आत्मविश्वासी और राष्ट्र के प्रति समर्पित होना भी जरूरी है।

महापौर ने हल्द्वानी के युवाओं से 14 नवंबर को होने वाले इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक ऊर्जा बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *