
जम्मू-कश्मीर के 18 जिलों में आंधी-तूफान और तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट
60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, मौसम विभाग ने सतर्क रहने की दी सलाह
नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने जम्मू-कश्मीर के 18 जिलों में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ बारिश की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 12 नवंबर की रात 10 बजे से 13 नवंबर की रात एक बजे तक अगले तीन घंटों के दौरान इन जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अनंतनाग, बांदीपोरा, बारामूला, बडगाम, डोडा, गांदरबल, किश्तवाड़, कुलगाम, कुपवाड़ा, मुजफ्फराबाद, पुंछ, पुलवामा, राजौरी, रामबन, रियासी, शोपियां, श्रीनगर और उधमपुर में मौसम खराब रह सकता है।
आईएमडी ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाओं से खतरा हो सकता है। लोगों को पेड़ों और कमजोर ढांचों के नीचे शरण नहीं लेने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सड़क एवं यातायात की स्थिति की जानकारी लेकर ही आवागमन करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा भूस्खलन और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने इस अवधि के लिए किसी भी जिले में रेड अलर्ट जारी नहीं किया है, जबकि जम्मू-कश्मीर के उक्त 18 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।