देहरादून में अवैध गैस रिफिलिंग पर छापा, 94 सिलेंडर जब्त; दो गिरफ्तार

होटल-रेस्टोरेंटों में घरेलू गैस के अनधिकृत इस्तेमाल पर भी कार्रवाई, रायवाला थाने में मुकदमा दर्ज
देहरादून। घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन एवं पूर्ति विभाग का अभियान जारी है। शनिवार को देहरादून नगर क्षेत्र के होटल-रेस्टोरेंटों में जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का अनधिकृत उपयोग मिलने पर 10 सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं, छिद्दरवाला क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग के मामले में 94 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इस मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है और थाना रायवाला में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल के अनुसार, घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों के अनधिकृत इस्तेमाल और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसके लिए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों के नेतृत्व में प्रवर्तन टीमें गठित की गई हैं।
शनिवार को देहरादून नगर क्षेत्र के विभिन्न होटल और रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अनधिकृत रूप से इस्तेमाल किए जा रहे 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर संबंधित गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दिए गए। दूसरी ओर, छिद्दरवाला में अवैध गैस रिफिलिंग का मामला सामने आने पर टीम ने कार्रवाई करते हुए 94 घरेलू एवं व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए। मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस कार्रवाई भी की गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर घरेलू गैस सिलेंडरों की मांग और उपयोग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। घरेलू सिलेंडरों का उपयोग निर्धारित घरेलू कार्यों के लिए ही किया जाना चाहिए। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इनका अनधिकृत उपयोग, अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से औचक निरीक्षण जारी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध गैस कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान एसके एआरओ, रजत नेगी और पूर्ति निरीक्षक नवीन जुयाल सहित संबंधित टीम के सदस्य मौजूद रहे।