नानकमत्ता में फायरिंग कर युवक की हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार, 24 घंटे में खुलासा

मटिहा बॉर्डर से पकड़े गए दोनों आरोपी, एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद; अन्य आरोपियों की तलाश जारी
नानकमत्ता। ऊधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र में घर पर पथराव और फायरिंग कर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिद्धानवदिया निवासी कुलदीप सिंह उर्फ बंटी (28) और नौगजा निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने कुलदीप सिंह के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को सोनू सिंह निवासी ग्राम सिद्धानवदिया ने कोतवाली नानकमत्ता में तहरीर देकर आरोप लगाया कि नामजद आरोपियों ने एक राय होकर उनके घर पर पथराव और फायरिंग की। इस दौरान उनके 35 वर्षीय भाई सतनाम सिंह को गोली लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके निर्देशन में पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के नेतृत्व में पांच पुलिस टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने वादी के बयान, साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुरागरसी करते हुए 19 अक्टूबर को मटिहा बॉर्डर से कुलदीप सिंह उर्फ बंटी और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी में एक तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी कुलदीप सिंह उर्फ बंटी के खिलाफ वर्ष 2026 में पॉक्सो अधिनियम सहित गंभीर धाराओं में एक अन्य मुकदमा दर्ज है। वहीं, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी के खिलाफ खटीमा थाने में वर्ष 2026 के दौरान दो मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। कार्रवाई में नानकमत्ता कोतवाली पुलिस, खटीमा और सितारगंज के पुलिसकर्मियों के साथ एसओजी ऊधमसिंह नगर की टीम शामिल रही।