गजब-: उत्तराखंड में चोर ने नशे और अय्याशी में उड़ा दिए लाखों रुपए, 1.20 लाख बरामद ।।

हरिद्वार। हरिद्वार के श्रवणनाथ नगर में वरिष्ठ पत्रकार के घर से चार लाख रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात के आरोप में जम्मू-कश्मीर निवासी 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी की रकम का बड़ा हिस्सा खर्च करने के बाद उसके कब्जे से 1.20 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पत्रकार गोपाल रावत निवासी श्रवणनाथ नगर, हरिद्वार ने सात अक्टूबर 2026 को कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसा और चार लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(क) के तहत मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सुरागरसी के माध्यम से आरोपी की तलाश की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 18 अक्टूबर को दविंदर पुत्र किशोर, निवासी वार्ड नंबर सात, जिला सांबा, जम्मू-कश्मीर को गिरफ्तार कर लिया।
नशे और अय्याशी में खर्च की चोरी की रकम
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह हेरोइन और स्मैक का आदी है। नशे की पूर्ति के लिए उसने चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी दिल्ली और हिमाचल प्रदेश गया, जहां उसने चोरी की रकम नशे और अन्य गतिविधियों में खर्च कर दी। शेष बची 1.20 लाख रुपये की नकदी पुलिस ने बरामद कर ली है।
पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। मामले में पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह बिष्ट सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।