
समाचार सारांश टीम नेटवर्क रुद्रप्रयाग
चारधाम यात्रा में परिवहन विभाग की पहल, वाहन चालकों को 150 से अधिक डस्टबिन वितरित
अब तक 3,646 वाहनों के चालान कर ₹47.90 लाख का प्रशमन शुल्क अर्जित
चारधाम यात्रा 2026 के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग, रुद्रप्रयाग द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से वाहन चालकों को 150 डस्टबिन वितरित किए गए। परिवहन विभाग द्वारा मंदाकिनी टैक्सी यूनियन के चालकों सहित अन्य वाहन चालकों को डस्टबिन वितरित किए गए। इसके साथ ही वाहन चेकिंग के दौरान भी चालकों को डस्टबिन देकर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) रुद्रप्रयाग धर्मेंद्र एस. बिष्ट ने बताया कि चारधाम यात्रा प्रारंभ होने से अब तक परिवहन विभाग रुद्रप्रयाग द्वारा 3,646 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई है, जिससे ₹47 लाख 90 हजार का प्रशमन शुल्क राजस्व अर्जित किया गया है।
उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग रुद्रप्रयाग द्वारा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वाहन चालकों को डस्टबिन वितरित करने का उद्देश्य यात्रा मार्गों पर कूड़ा फैलने से रोकना तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंध के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान कूड़े का उचित निस्तारण करें, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें तथा चारधाम यात्रा को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।
