Advertisement

श्योपुर: ये मामला मध्य प्रदेश के श्योपुर का है. यहां एक सांड ने ऐसा कारनामा कर दिया कि गांव वालों से लेकर पुलिस और प्रशासन तक सबकी नजर उसी पर टिक गई. मामला श्योपुर शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर ददूनी गांव का है. गांव में बनी पानी की एक ऊंची टंकी पर एक सांड चढ़ गया. टंकी की ऊंचाई करीब 60 फीट बताई जा रही है. अब सांड ऊपर पहुंच गया, लेकिन उसे नीचे उतारना आसान नहीं था. सांड को टंकी पर देखकर गांव वालों की भीड़ जमा हो गई. हर कोई ऊपर देख रहा था और सोच रहा था कि आखिर ये नीचे आएगा कैसे? ग्रामीणों ने सांड को नीचे उतारने की कोशिश भी की. लेकिन मामला आसान नहीं था

देखें वीडियो

https://twitter.com/sabiralitlp/status/2097326978106093742/video/1
https://twitter.com/sabiralitlp/status/2097326978106093742/video/1

https://x.com/sabiralitlp/status/2097326978106093742/video/1

ददूनी पंचायत के सचिव महेश गौड़ के मुताबिक, सांड पर लगातार नजर रखी जा रही थी और प्रशासन व पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई थी. बताया गया कि सांड ने एक बार नीचे आने की कोशिश भी की थी. लेकिन जैसे ही उसने नीचे देखा, वहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ खड़ी थी. बस फिर क्या था. सांड नीचे आने के बजाय वापस ऊपर चला गया. यानी नीचे भीड़ थी और ऊपर सांड. समय गुजरता गया, लेकिन सांड टंकी से नीचे नहीं आया. रविवार की शाम से लेकर मंगलवार तक वह करीब 42 घंटे तक 60 फीट ऊंची टंकी पर फंसा रहा. इस दौरान उसकी निगरानी की जा रही थी. पंचायत की तरफ से उसके खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई. लेकिन सबसे बड़ी चुनौती थी उसे सुरक्षित नीचे उतारना. क्योंकि इतनी ऊंचाई से जानवर को नीचे लाने में जरा सी चूक भी खतरनाक हो सकती थी.

सांड को नीचे उतारने की कई कोशिशें कामयाब नहीं हुईं. इसके बाद मंगलवार को प्रशासन ने श्योपुर से एक क्रेन मंगवाई. अब मैदान में पुलिस थी, पशुपालन विभाग की टीम थी और प्रशासन भी था. रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ. मानपुर थाना प्रभारी सतीश दुबे के मुताबिक, पुलिस टीम ने पशुपालन विभाग के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. पशु चिकित्सा अधिकारी सचिन उपाध्याय ने सांड को बेहोशी की दवा दी. इसके बाद क्रेन की मदद से उसे सावधानीपूर्वक नीचे उतारने की प्रक्रिया शुरू की गई.

60 फीट की ऊंचाई, ऊपर फंसा एक भारी-भरकम सांड और उसे बिना नुकसान पहुंचाए नीचे उतारने की चुनौती. रेस्क्यू ऑपरेशन करीब दो घंटे तक चला. आखिरकार टीम की कोशिश रंग लाई और करीब 42 घंटे से टंकी पर फंसे सांड को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. सांड को सुरक्षित बचा लिया गया. 42 घंटे का इंतजार खत्म हो गया. गांव में मची हलचल भी शांत हो गई. लेकिन इस कहानी का अहम सवाल है कि आखिर सांड 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ा कैसे?

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *