सड़क सुरक्षा को लेकर आरटीओ का सघन चेकिंग अभियान, 1005 वाहनों के चालान, 37 सीज
हल्द्वानी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए हल्द्वानी संभाग में दो दिवसीय विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पाण्डेय के निर्देश पर 7 और 8 सितंबर को नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जिलों में चले अभियान के दौरान प्रवर्तन टीमों ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 1005 वाहनों के चालान किए, जबकि गंभीर अनियमितता मिलने पर 37 वाहनों को सीज किया गया।
अभियान में सबसे अधिक कार्रवाई ऊधमसिंह नगर जिले में हुई। यहां 566 वाहनों के चालान और 22 वाहन सीज किए गए। नैनीताल में 329 चालान और 11 वाहन सीज, जबकि चम्पावत में 110 चालान और चार वाहन सीज किए गए।
चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने और सहयात्री के हेलमेट न पहनने के मामले बड़ी संख्या में सामने आए। संभाग में 661 चालान चालक के बिना हेलमेट और 594 चालान सहयात्री के बिना हेलमेट के किए गए। इसके अलावा स्टंट/ट्रिपल राइडिंग के 95, बिना सीट बेल्ट के 75, बिना वैध प्रपत्र के 126, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 56 और काली फिल्म के तीन मामलों में कार्रवाई की गई। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में 341 चालान किए गए।
इसके अतिरिक्त हल्द्वानी शहर के प्रमुख मार्गों तथा परिवहन निगम और केएमओयू बस स्टेशन के आसपास अनधिकृत रूप से सवारियां भरते मिले टैक्सी-मैक्सी वाहनों के खिलाफ भी प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
आरटीओ अरविंद पाण्डेय ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन पर चालक और सहयात्री दोनों आईएसआई मार्क वाला मानक हेलमेट पहनें। चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें और स्टंट व ट्रिपल राइडिंग से बचें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
