Advertisement

रामलीला मैदान शुद्धिकरण मामले में पहली FIR
रामलीला मैदान शुद्धिकरण मामले में पहली FIR, अज्ञात के खिलाफ BNS और SC/ST एक्ट में केस
हल्द्वानी। हल्द्वानी के चर्चित रामलीला मैदान शुद्धिकरण मामले में पुलिस ने पहली FIR दर्ज कर ली है। कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की यह कार्रवाई अधिवक्ता अंजू की लिखित शिकायत के आधार पर हुई है।
मामला कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रामलीला मैदान में आयोजित रैली के बाद मैदान में किए गए कथित शुद्धिकरण से जुड़ा है। शुद्धिकरण की घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए पुलिस से मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी।
जातिगत भेदभाव और अपमान के आरोप
पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि शुद्धिकरण की कार्रवाई के जरिए जातिगत भेदभाव को बढ़ावा देने, सामाजिक अपमान करने तथा अनुसूचित जाति के व्यक्ति के प्रति घृणा और हीनता का भाव प्रदर्शित किया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 196 और 299 तथा SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(r) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
जांच के बाद होगी नामजदगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने जांच की जिम्मेदारी SP क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र को सौंपी है। पुलिस के अनुसार मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे नामजदगी की जाएगी।
कांग्रेस लगातार कर रही थी प्रदर्शन
रामलीला मैदान में शुद्धिकरण की घटना के बाद से कांग्रेस लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही थी। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे सामाजिक और जातिगत अपमान से जोड़ते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। अब FIR दर्ज होने के बाद मामले की जांच और पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *