पीलीभीत-शाहजहांपुर समेत आसपास के युवाओं को जल्द मिलेगी STPI की सौगात
पीलीभीत। सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के रूप में पीलीभीत समेत शाहजहांपुर, बदायूं, बरेली और रामपुर सहित आसपास के जिलों के युवाओं एवं छात्रों को जल्द बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद है। किसान नेता एवं प्रांतीय संरक्षक, क्रांतिकारी विचार मंच उत्तर प्रदेश, देवस्वरूप पटेल ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के प्रयासों से बरेली के सीबीगंज में STPI का भवन तैयार हो चुका है।
देवस्वरूप पटेल ने कहा कि STPI के शुरू होने से क्षेत्र के युवाओं और छात्रों को आईटी एवं सॉफ्टवेयर क्षेत्र में नए अवसर मिल सकते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर तकनीकी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं भी मजबूत होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद जल्द ही STPI का उद्घाटन कर इसे युवाओं और छात्रों को समर्पित करेंगे। उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री से आग्रह किया कि उद्घाटन समारोह में केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का प्रयास किया जाए।
देवस्वरूप पटेल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के कार्यक्रम में शामिल होने से क्षेत्र के युवाओं को उनके विचारों और मार्गदर्शन का लाभ मिलेगा। साथ ही क्षेत्र की जनता को उनका स्वागत एवं सम्मान करने का अवसर भी प्राप्त होगा।
क्षेत्र में तकनीकी विकास की उम्मीद
STPI केंद्र के शुरू होने से पीलीभीत समेत आसपास के जिलों में आईटी और सॉफ्टवेयर क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। युवाओं के लिए तकनीकी क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध होने से क्षेत्र के विकास को भी बढ़ावा मिल सकता है।
