SIR को लेकर भाजपा ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया की मांग
हल्द्वानी। मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर भाजपा नैनीताल जिले के प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी विवेक राय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। भाजपा ने SIR को महत्वपूर्ण एवं संवैधानिक प्रक्रिया बताते हुए इसे स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की मांग की।
ज्ञापन में भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले के कुछ स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर SIR प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा बूथों पर जाकर बीएलओ और भाजपा के BLA-2 को धमकाने का प्रयास भी किया जा रहा है।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता शामिल हैं। किसी भी व्यक्ति या राजनीतिक कार्यकर्ता को सरकारी कार्य में बाधा डालने अथवा बीएलओ समेत संबंधित कर्मचारियों को धमकाने का अधिकार नहीं है।
भाजपा ने प्रशासन से मांग की कि SIR प्रक्रिया में व्यवधान पैदा करने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आम मतदाताओं को अपना पक्ष रखने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला महामंत्री रंजन सिंह बर्गली, जिला महामंत्री विनीत अग्रवाल, दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा, मोहन पाठक, हरीश पांडे, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश सह-मीडिया संयोजक प्रदीप जेनोटी, पूर्व मेयर जोगिंदर पाल सिंह रौतेला, प्रदेश मीडिया प्रकोष्ठ संयोजक भुवन जोशी और जिला मीडिया सह संयोजक मनीष पाल सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
