खाई में गिरे युवक के लिए देवदूत बनी टिहरी पुलिस
टिहरी। औणी बैंड के पास पहाड़ी से करीब 50 मीटर नीचे खाई में गिरे एक युवक के लिए टिहरी पुलिस देवदूत बनकर पहुंची। युवक के खाई में गिरने की सूचना 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
पुलिस कर्मियों ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच खाई में उतरकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान पुलिस टीम ने पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ युवक को खाई से बाहर लाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। इसके बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बच सकी। स्थानीय लोगों और परिजनों ने टिहरी पुलिस की तत्परता और साहसिक रेस्क्यू कार्य की सराहना की।
टिहरी पुलिस ने एक बार फिर साबित किया कि आपात स्थिति में पुलिस केवल कानून-व्यवस्था ही नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाने के लिए भी हर संभव प्रयास करती है।
