Advertisement

खराब मौसम के कारण राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा रद्द, अंकिता भंडारी के परिजनों से वीडियो कॉल पर की बातचीत
देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का गुरुवार को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा खराब मौसम के कारण रद्द हो गया। अल्मोड़ा में निर्धारित कार्यक्रम में शामिल न हो पाने के बावजूद राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राहुल गांधी और अंकिता भंडारी के परिजनों के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत करवाई। इस दौरान अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी ने राहुल गांधी से मुलाकात की इच्छा व्यक्त की। इस पर राहुल गांधी ने उन्हें दिल्ली आने का आमंत्रण दिया।


राहुल गांधी को अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करने के साथ-साथ विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेना था। हालांकि खराब मौसम और प्रतिकूल उड़ान परिस्थितियों के चलते उनका हेलीकॉप्टर अल्मोड़ा नहीं पहुंच सका, जिसके बाद उनका दौरा स्थगित कर दिया गया।
दौरा रद्द होने के बाद राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि वह उत्तराखंड के लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं, उम्मीदों और प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करना चाहते थे, लेकिन मौसम की खराब स्थिति के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका।
उन्होंने बताया कि वह सुबह पंतनगर पहुंच गए थे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा अल्मोड़ा रवाना होना था, लेकिन मौसम की स्थिति को देखते हुए उड़ान संभव नहीं हो पाई। राहुल गांधी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और मौसम के कारण कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा।
अपने संदेश में राहुल गांधी ने कहा कि वह जल्द ही पुनः उत्तराखंड का दौरा करेंगे और लोगों से मिलकर प्रदेश के विकास, सामाजिक एवं आर्थिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *