Advertisement

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में इस समय मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत भीषण गर्मी की चपेट में है, वहीं पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी है। मौसम विभाग के ताज़ा बुलेटिन के अनुसार हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक लू के हालात बने रहने की संभावना है, जबकि इसका असर धीरे-धीरे पूर्वी और मध्य भारत तक फैल सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की गई। मेघालय में 21 सेंटीमीटर से अधिक बारिश हुई, जबकि अरुणाचल प्रदेश में भी कई स्थानों पर 7 से 11 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके साथ ही असम, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु सहित कई राज्यों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
तापमान की बात करें तो देश के अधिकांश हिस्सों में पारा 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) में सबसे अधिक 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 25 अप्रैल तक तापमान में 3 से 4 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी और अधिक तीव्र हो जाएगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 18 अप्रैल से शुरू हुई लू की यह लहर हरियाणा से बढ़ते हुए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश तक फैल चुकी है। आने वाले दिनों में राजस्थान, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर भारत में 27 अप्रैल तक व्यापक वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। असम और मेघालय में कई दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने, धूप में बाहर निकलने से बचने और हल्के कपड़े पहनने की हिदायत दी गई है। वहीं जिन क्षेत्रों में बारिश और तूफान की चेतावनी है, वहां लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और खुले में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *