लोहाघाट की बेटी अदिति पुनेठा ने PCS में लहराया परचम, 45वीं रैंक हासिल
लोहाघाट। क्षेत्र की बेटियां अपनी मेहनत और लगन से लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। इसी क्रम में निकटवर्ती भूमि गांव की होनहार बेटी अदिति पुनेठा ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (PCS) परीक्षा में 45वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे इलाके में हर्ष का माहौल है।
पहले ही प्रयास में पाई सफलता
अदिति पुनेठा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ओकलैंड पब्लिक स्कूल, लोहाघाट से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से गणित विषय में ऑनर्स की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की और पहले ही प्रयास में PCS परीक्षा उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
आईएएस बनने का लक्ष्य
अदिति ने PCS परीक्षा में सफलता को अपनी यात्रा की एक महत्वपूर्ण सीढ़ी बताते हुए कहा कि उनका अंतिम लक्ष्य भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयनित होना है।
परिवार का मिला भरपूर सहयोग
अदिति के पिता दीपक पुनेठा LIC में बागेश्वर शाखा के प्रबंधक हैं, जबकि माता भावना पुनेठा पूर्व में शिक्षण कार्य से जुड़ी रही हैं। उनके भाई अनमोल पुनेठा दिल्ली से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। अदिति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और इष्ट देवता को दिया है।
क्षेत्र में खुशी की लहर, होगा सम्मान
अदिति की सफलता पर लोहाघाट क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने जश्न मनाकर अपनी खुशी जाहिर की। नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने अदिति के नागरिक अभिनंदन की घोषणा की है, वहीं ओकलैंड पब्लिक स्कूल प्रबंधन द्वारा भी सम्मान समारोह आयोजित करने की बात कही गई है।

ADVERTISEMENT

Promote Your Business Here

ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *