
समाचार सारांश टीम नेटवर्क
चम्पावत जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की नई नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में सीमांत जनपद चम्पावत में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी और जन-सुलभ बनाने के लिए निरंतर महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य सरकार का यह संकल्प है कि पर्वतीय जिलों के प्रत्येक अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र में उच्च स्तरीय चिकित्सीय विशेषज्ञता उपलब्ध हो, ताकि आम जनता को इलाज के लिए किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसी क्रम में, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) उत्तराखंड के अंतर्गत चम्पावत जनपद के चिकित्सा संस्थानों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों के पदों पर नई नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू की गई है।
उत्तराखंड शासन द्वारा 01 नवंबर 2026 को जारी विज्ञापन के अनुसार, चम्पावत जनपद के लिए विशेष रूप से महिला एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (Obstetrician & Gynaecologist) के 1 पद पर नियुक्ति निर्धारित की गई है, जिसके लिए कार्यस्थल जिला चिकित्सालय चम्पावत अथवा उप जिला चिकित्सालय (SDH) टनकपुर तय किया गया है। इसके साथ ही, एनेस्थेटिस्ट (Anaesthetist) के 1 पद के लिए उप जिला चिकित्सालय (SDH) टनकपुर को कार्यस्थल के रूप में तय किया गया है, ताकि जनपद में आपातकालीन और शल्य चिकित्सा (सर्जरी) सेवाओं को पूरी तरह सुचारू रखा जा सके।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों हेतु
‘यू कोट-वी पे’ (You Quote-We Pay) मॉडल के अंतर्गत आकर्षक मानदेय (₹4 लाख प्रति माह तक) की व्यवस्था की गई है, जिससे अनुभवी एवं सक्षम चिकित्सक पर्वतीय क्षेत्रों में सेवा देने के लिए आगे आ रहे हैं। इन पदों के लिए दिनांक 17 नवंबर 2026 (मंगलवार) को साक्षात्कार निर्धारित किए गए हैं।
चम्पावत जनपद में इन विशेषज्ञ चिकित्सकों (स्त्री रोग विशेषज्ञ और एनेस्थेटिस्ट) की तैनाती से गर्भवती महिलाओं, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा और गंभीर मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार होगा तथा जनपद वासियों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च कोटि की स्वास्थ्य सुविधाएँ प्राप्त हो सकेंगी।