Advertisement

यूकेएसएसएससी ने पांच पदों के अभ्यर्थियों की अभिलेख सन्निरीक्षा का कार्यक्रम किया जारी, 17 और 18 नवंबर को होगी प्रक्रिया

देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित प्रतियोगी परीक्षाओं में औपबन्धिक श्रेष्ठता सूची में शामिल अभ्यर्थियों की अभिलेख सन्निरीक्षा (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के सचिव एनएस दुगरियाल की ओर से 9 नवंबर 2026 को जारी विज्ञप्ति के अनुसार सहायक बोरिंग टेक्नीशियन, साहसिक खेल अधिकारी, कैमरामैन, प्राविधिक सहायक (इतिहास) और कम्प्यूटर प्रोग्रामर पदों के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच 17 और 18 नवंबर को आयोग कार्यालय में की जाएगी।

कार्यक्रम के अनुसार सहायक बोरिंग टेक्नीशियन पद के औपबन्धिक श्रेष्ठता सूची में क्रमांक 1 से 24 तक के अभ्यर्थियों की अभिलेख सन्निरीक्षा 17 नवंबर तथा क्रमांक 25 से 39 तक के अभ्यर्थियों की जांच 18 नवंबर को होगी। अन्य चार पदों के लिए भी 18 नवंबर को अभिलेखों की जांच निर्धारित की गई है।

आयोग ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे मूल अभिलेखों, स्वप्रमाणित दो-दो छायाप्रतियों और छह पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति भी अनिवार्य होगी।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा। दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर अतिरिक्त समय भी नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को पदवार चेकलिस्ट और औपबन्धिक प्रवेश पत्र आयोग की वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in से प्राप्त करने होंगे। आयोग परिसर में मोबाइल फोन, कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *