नशे में धुत बेटे ने चाकू से पिता पर किया जानलेवा हमला, उपचार के दौरान मौत

Advertisement

पारिवारिक विवाद में वारदात को दिया अंजाम, राजपुर पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक बेटे ने अपने ही पिता पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल पिता की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार 9 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि चालंग, कुल्हन, सहस्त्रधारा रोड निवासी नितिन राणा ने अपने पिता मदन राणा (62) पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। वहीं, पुलिस ने आरोपी नितिन राणा (35) को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया।

नशे की हालत में पिता से हुआ था विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना के दिन नशे की हालत में उसकी अपने पिता मदन राणा से कहासुनी हो गई। पिता द्वारा डांटे जाने से गुस्से में आकर उसने रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से उन पर हमला कर दिया। हमले में मदन राणा गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी नितिन राणा पुत्र धर्म सिंह राणा, निवासी ग्राम चालंग, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस की ओर से अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *