ADVERTISEMENT

Your Advertisement Here

किसान मेला देखने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
लालकुआं वीआईपी गेट के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, चालक फरार
लालकुआं। पंतनगर में चल रहे किसान मेले को देखने की खुशी लेकर बाइक से निकले मोटाहल्दू क्षेत्र के एक युवक की रविवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। लालकुआं वीआईपी गेट के समीप रेलवे ओवरब्रिज के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर अचेत हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे 108 एंबुलेंस की मदद से डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मोटाहल्दू क्षेत्र के ग्राम भवान सिंह नवाड़ निवासी 30 वर्षीय आनंद पवार पुत्र स्वर्गीय प्रहलाद सिंह पवार रविवार को बाइक से पंतनगर में आयोजित किसान मेला देखने जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह लालकुआं वीआईपी गेट से कुछ पहले रेलवे ओवरब्रिज के समीप पहुंचा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आनंद बाइक समेत सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कुछ ही देर में वह अचेत हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल 108 एंबुलेंस से एसटीएच हल्द्वानी भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस वाहन की पहचान कर चालक तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *