समाचार सारांश टीम नेटवर्क यहां बनेगी लेपर्ड सफारी, एक करोड़ का शुरुआती बजट जारी
बरेली मंडल के पीलीभीत जिले में गोपालपुर वन क्षेत्र में प्रस्तावित लेपर्ड सफारी के निर्माण की दिशा में शासन ने पहला कदम बढ़ाते हुए एक करोड़ रुपये का शुरुआती बजट जारी किया है। इस राशि से सफारी के शिलान्यास और शुरुआती विकास कार्य कराए जाएंगे। संभावना है कि अगले महीने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
बरेली के मुख्य वन संरक्षक पी.पी. सिंह ने बताया कि पीलीभीत बाघ अभयारण्य में बाघों की संख्या बढ़ने के कारण तेंदुए नए और सुरक्षित ठिकानों की तलाश में आसपास के
जंगलों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे ग्रामीणों और तेंदुओं दोनों के लिए खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि तेंदुओं को एक स्थान पर रोकना संभव नहीं है और उनके स्वभाव के अनुरूप उन्हें पर्याप्त कुदरती इलाका उपलब्ध कराना जरूरी है। “इसी को ध्यान में रखते हुए लेपर्ड सफारी विकसित करने की योजना
तैयार की गई है।” सिंह ने बताया कि इसके लिये पीलीभीत की दियोरिया रेंज और शाहजहांपुर की खुटार रेंज के सामाजिक वानिकी क्षेत्र को उपयुक्त माना गया है। सामाजिक वानिकी विभाग के प्रभागीय वन अधिकारी भरत कुमार डीके के अनुसार लेपर्ड सफारी परियोजना की अनुमानित लागत करीब 49 करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत लगभग 1,700 हेक्टेयर वन क्षेत्र को मिलाकर सफारी विकसित करने तथा करीब 30 किलोमीटर लंबा सफारी रूट तैयार करने का प्रस्ताव है। डीके ने बताया कि सफारी में तेंदुए खुले प्राकृतिक जंगल में विचरण करेंगे।
