Advertisement

NEET-PG परीक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, चार केंद्रों पर 1041 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
हल्द्वानी। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) की ओर से 30 अगस्त को आयोजित होने वाली NEET-PG परीक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिले में चार परीक्षा केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में 1041 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शनिवार को एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में परीक्षा ड्यूटी में तैनात जोनल, सेक्टर पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग ली।
काठगोदाम, हल्द्वानी, चोरगलिया और लालकुआं में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर जोनल और सेक्टर पुलिस अधिकारियों के साथ सहायक सेक्टर अधिकारियों तथा आउटर कार्डन ड्यूटी के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग के लिए मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ जैमर भी सक्रिय रहेंगे। परीक्षा केंद्र के भीतर बाहरी वस्तुओं, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
200 मीटर के दायरे में बंद रहेंगी संबंधित दुकानें
पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा के दौरान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में इंटरनेट कैफे, फोटो कॉपी की दुकान और परीक्षा से संबंधित अन्य संस्थानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
होटल, ढाबे, लॉज और होम-स्टे की भी सघन चेकिंग की जाएगी। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इन स्थानों पर विशेष निगरानी रखेगी।
ब्लूटूथ डिवाइस पर भी रहेगी नजर
परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से नकल या किसी अन्य तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से सतर्क किया गया है। ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी पेनटॉर्च के माध्यम से ब्लूटूथ और सूक्ष्म ईयर डिवाइस जैसे उपकरणों की जांच करेंगे।
इसके अलावा जोनल और सेक्टर अधिकारी तथा डायल-112 की गाड़ियां लगातार क्षेत्र में भ्रमण करती रहेंगी। यातायात पुलिस को परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के साथ आम लोगों के आवागमन को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सोशल मीडिया और साइबर सेल भी सक्रिय
परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, पेपर लीक के झूठे दावों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। सोशल मीडिया मॉनीटरिंग टीम के साथ साइबर सेल और एसओजी को भी सक्रिय रखा गया है।
कंट्रोल रूम से परीक्षा की पूरी व्यवस्था की रियल-टाइम मॉनीटरिंग की जाएगी और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
ब्रीफिंग के दौरान सीओ लालकुआं विमल प्रसाद ने भी पुलिसकर्मियों को परीक्षा ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा, थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा समेत परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *