रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, छह नमूने लिए
रुद्रपुर। आगामी रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को खाद्य सुरक्षा उपायुक्त कुमाऊं मंडल डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत के नेतृत्व में टीम ने रुद्रपुर के आवास विकास और नैनीताल रोड क्षेत्र में डेयरियों, रेस्टोरेंट और मिष्ठान प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान नैनीताल रोड स्थित रेस्टोरेंटों से पनीर के तीन नमूने, आवास विकास की दुग्ध डेयरियों से गाय के दूध और पनीर का एक-एक नमूना तथा शिव शक्ति मंदिर क्षेत्र स्थित मिष्ठान निर्माता से रसगुल्ला (छेना) का नमूना लिया गया। कुल छह नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान आवास विकास मुख्य बाजार स्थित एक मिष्ठान प्रतिष्ठान में गंदगी और खाद्य पदार्थ खुले में रखे मिले। प्रतिष्ठान के पास एफएसएसएआई लाइसेंस/पंजीकरण नहीं होने पर विभाग ने चालानी कार्रवाई की।
विभाग ने खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही बाहरी राज्यों से केवल पंजीकृत अथवा लाइसेंसधारी कारोबारियों से खाद्य सामग्री खरीदने और खरीद-बिक्री का दैनिक रिकॉर्ड रखने को कहा गया।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से भी खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माण एवं उपभोग तिथि तथा एफएसएसएआई लाइसेंस की जांच करने की अपील की। मिलावटी या अस्वास्थ्यकर खाद्य सामग्री की शिकायत टोल फ्री नंबर 18001804246 पर की जा सकती है।
