दस महीने से खुदी पड़ी विष्णुपुरी की गली, गड्ढों में गिर रहे राहगीर—अधिकारियों की आंखों पर पट्टी
सीएम पोर्टल पर शिकायत के बाद भी नहीं जागे जिम्मेदार, प्राचीन दुर्गा मंदिर के श्रद्धालु भी परेशान
हल्द्वानी। शहर की विष्णुपुरी गली नंबर-10 पिछले करीब दस महीनों से खुदी पड़ी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। सड़क की बदहाल हालत के चलते आए दिन राहगीर गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बावजूद इसके प्रशासन और संबंधित विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं।
सबसे गंभीर बात यह है कि इसी गली में विशाल प्राचीन दुर्गा मंदिर स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को इस उबड़-खाबड़ और गड्ढों से भरी गली से गुजरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ जाता है तथा सड़क और गड्ढे में अंतर करना मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर सीएम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने मौके पर जाकर स्थिति देखने या सड़क की मरम्मत कराने की जहमत नहीं उठाई। सवाल यह है कि आखिर शिकायत दर्ज होने के बाद भी कार्रवाई कब होगी?
लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि दस महीने से सड़क की दुर्दशा देखकर भी विभागीय अधिकारी आखिर किस आदेश का इंतजार कर रहे हैं? क्या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही प्रशासन की नींद खुलेगी?
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि विष्णुपुरी गली नंबर-10 का तत्काल निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत युद्धस्तर पर कराई जाए, ताकि रोजाना मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को दुर्घटना के खतरे से निजात मिल सके।
