Advertisement

देहरादून। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को बिहारीगढ़ क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के असिस्टेंट मैनेजर अरुण पंवार की मौत हो गई। पेंचो रेस्टोरेंट के सामने उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल अरुण को एक राहगीर कार से फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार विकासनगर निवासी अरुण पंवार शुक्रवार सुबह बाइक से सहारनपुर की ओर से देहरादून जा रहे थे। करीब 11 बजे बिहारीगढ़ के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही एक व्यक्ति ने उन्हें अपनी कार से अस्पताल पहुंचाया।
अरुण पंवार सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात थे। कुछ समय पहले ही उनका तबादला गोवा के पणजी से देहरादून किया गया था। इसके बाद वह विकासनगर स्थित बैंक शाखा में कार्यरत थे। शनिवार को बैंक अवकाश होने के कारण वह निजी कार्य से बिहारीगढ़ की ओर जा रहे थे।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में बाइक के डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बाइक किसी अन्य वाहन की चपेट में आई थी या सड़क पर फिसलने के कारण उसका संतुलन बिगड़ा। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

अरुण पंवार मूल रूप से मुरादाबाद की न्यू कॉलोनी के रहने वाले थे। उनके पिता मुरादाबाद में पीएसी में तैनात हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन मुरादाबाद से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। सीओ बेहट प्रिया यादव के अनुसार परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद शव की पहचान, पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *