Advertisement

प्रतापगढ़ में भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा: 100 साल पुराना मकान ढहा, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
प्रतापगढ़, 6 अगस्त। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार तड़के भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। महुली गांव में करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे उसमें सो रहे एक ही परिवार के छह लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे में परिवार का एक युवक सुरक्षित बच गया।
जानकारी के अनुसार, महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव (60) का मकान काफी पुराना और जर्जर था। गुरुवार तड़के करीब 2 बजे पूरा परिवार गहरी नींद में था, तभी अचानक मकान ढह गया। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में दंपति समेत दो मासूम शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान प्रमोद श्रीवास्तव, रीता, नितिन, माधुरी, माधव और अद्विक के रूप में हुई है। मृतकों में दंपति, उनका बेटा-बहू और दो बच्चे शामिल हैं। वहीं, अमन (28) इस हादसे में सुरक्षित बच गए और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर लगातार हो रही भारी बारिश और मकान की जर्जर स्थिति को हादसे का कारण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में प्रतापगढ़ में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर मकान ढहने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *