समाचार सारांश टीम नेटवर्क हल्द्वानी

ADVERTISEMENT

Promote Your Business Here

परिवर्तन संकल्प सम्मेलन से कांग्रेस का चुनावी शंखनाद, सत्ता परिवर्तन का लिया संकल्प।

हल्द्वानी। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कांग्रेस ने राजपुरा में आयोजित परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के माध्यम से अपने चुनावी अभियान का आगाज़ करते हुए प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का संकल्प लिया। सम्मेलन में CWC सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उत्तराखंड की वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों पर अपने विचार रखे और कार्यकर्ताओं व आम जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के जिला प्रभारी करन माहरा ने कहा कि उत्तराखंड आज बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पेपर लीक, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, बिगड़ती कानून-व्यवस्था तथा खनन और भूमि माफिया की सक्रियता के कारण जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। सरकारी अस्पताल डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं।
उन्होंने कहा कि इन्हीं जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में परिवर्तन संकल्प अभियान शुरू किया है। चारों दिशाओं से परिवर्तन यात्राएं निकाली जा रही हैं, जिनके माध्यम से वरिष्ठ नेता जनता के बीच जाकर संवाद करेंगे और उनकी आवाज़ को मजबूती से उठाएंगे।
करन माहरा ने राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था, गौ संरक्षण, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गौ रक्षा के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है और गौशालाओं में गायों की दुर्दशा है। टिहरी की घटना और अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जनता इन घटनाओं को भूली नहीं है। उन्होंने महंगाई पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि रसोई गैस सिलेंडर की कीमत हजार रुपये तक पहुंच चुकी है तथा पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने से आम लोगों के वाहन प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार धार्मिक और भावनात्मक मुद्दों के सहारे जनता का ध्यान मूल समस्याओं से भटकाने का प्रयास कर रही है।

राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और लगातार कमजोर होती जनसेवाओं से परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का परिवर्तन संकल्प अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ को मजबूती देने का जनआंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर प्रदेश सरकार की विफलताओं और कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता बदलाव का इतिहास लिखने के लिए तैयार है।

हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने हल्द्वानी की जनता एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के मुद्दों को सड़क से सदन तक पूरी मजबूती से उठाती रहेगी।
उन्होंने राजपुरा क्षेत्र के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वे प्रशासन द्वारा लगाए गए लाल निशानों और कार्रवाई को नहीं भूले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण और प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया तथा छोटी-छोटी मरम्मत तक पर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस और प्रशासन का संचालन स्थानीय स्तर के बजाय देहरादून से हो रहा है, जिससे जनप्रतिनिधियों की भी अनदेखी हो रही है। उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशे पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद बिष्ट ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हल्द्वानी की जनता ने परिवर्तन के पक्ष में अपना स्पष्ट संदेश दिया है और कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच संघर्ष जारी रखेगा।

राजपुरा क्षेत्र की पार्षद प्रीति आर्य एवं पार्षद एडवोकेट धर्मवीर ने संयुक्त रूप से सभी वरिष्ठ नेताओं एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि राजपुरा की जनता परिवर्तन की इस मुहिम में पूरी मजबूती से कांग्रेस के साथ खड़ी है तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मलय बिष्ट और राजपुरा क्षेत्रवासियों की तरफ से वरिष्ठ समाजसेवी गोविंद बिष्ट ने सभी सभी अतिथियों का फूलमालाओं से स्वागत किया।

सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का उत्साह एवं स्थानीय जनता की भारी सहभागिता ने स्पष्ट संकेत दिया कि उत्तराखंड में परिवर्तन की भावना लगातार मजबूत हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता परिवर्तन का समर्थन करते हुए कांग्रेस को सरकार बनाने का अवसर देगी।

इस अवसर जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, हेमन्त बगड़वाल, भोला दत्त भट्ट, सुहैल सिद्दीकी, विशाल भोजक, इंद्र पाल आर्य, राधा आर्य, कौशलेंद्र भट्ट, संजू पाना, प्रदीप नेगी, राजेन्द्र बिष्ट, हेमन्त साहू, विनोद कुमार, त्रिलोक बनोली, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *